CWG 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पदक विजेताओं की सूची

Commonwealth games 2022 india medals: बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पदक विजेताओं की अब तक की सूची

Commonwealth games 2022 India medals

1. संकेत महादेव सरगर – रजत पदक (भारोत्तोलन, पुरुष 55 किग्रा वर्ग)

भारतीय भारोत्तोलक संकेत सरगर ने पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतकर 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पदक जीतने की शुरुआत की।

2. गुरुराजा पुजारी – कांस्य पदक (भारोत्तोलन, पुरुष 61 किग्रा वर्ग)

पी. गुरुराजा ने 30 जुलाई 2022 को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 61 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता।

3. मीराबाई चानू – स्वर्ण पदक (भारोत्तोलन, महिला 49 किग्रा वर्ग)

भारतीय स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने 30 जुलाई, 2022 को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्नैच राउंड में सबसे ज्यादा वजन उठाने का रिकॉर्ड भी बनाया।

4. बिंदिया रानी देवी – रजत पदक (भारोत्तोलन, महिला 55 किग्रा वर्ग)

भारोत्तोलक बिंदिया रानी देवी ने महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता यह देश के लिए चौथा पदक है बिंदिया ने कुल 202 किलोग्राम का भार उठाते हुए यह पदक अपने नाम किया।

5. जेरेमी लालरिनुंगा – स्वर्ण पदक (भारोत्तोलन, पुरुषों की 67 किग्रा)

जेरेमी लालरिननुंगा ने भारोत्तोलन क्षेत्र में देश का दबदबा बनाए रखा, जब उन्होंने 31 जुलाई को राष्ट्रमंडल खेलों के तीसरे दिन भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। साथ ही भारत को पदक तालिका में शीर्ष छह में पंहुचा दिया।

6. अचिंता शेउली – स्वर्ण पदक (भारोत्तोलन, पुरुष 73 किग्रा वर्ग)

अचिंता शेउली ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया है. 20 साल के अचिंता शेउली ने पुरुषों के 73 किलो भारवर्ग में यह पदक जीता।

7. शुशीला देवी लिकमाबम – रजत पदक (जूडो, महिला 48 किग्रा वर्ग)

जूडो महिला, 48 किग्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में सुशीला देवी दक्षिण अफ्रीका की माइकेला व्हाइटबूई से हार गईं। और उनको रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

8. विजय कुमार यादव – कांस्य पदक (जूडो, पुरुष 60 किग्रा वर्ग)

जूडो, पुरुष 60 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक के लिए विजय कुमार यादव का मुक़ाबला साइप्रस के पेट्रो क्रिस्टोडौलाइड्स से था। विजय ने पेट्रो को 10-0 से हराकर कांस्य पदक पर अपना कब्ज़ा जमाया।

9. हरजिंदर कौर – कांस्य पदक (भारोत्तोलन, महिला 71 किग्रा वर्ग)

हरजिंदर कौर ने सोमवार को राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 71 किग्रा भारोत्तोलन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। स्नैच वर्ग में अपने पहले प्रयास में, हरजिंदर 90 किग्रा भार उठाने में विफल रही। दूसरे प्रयास में उन्होंने 90 किग्रा सफलतापूर्वक उठा लिया। अपने तीसरे और अंतिम प्रयास में, उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 93 किग्रा भार उठाया।

10. लॉन बॉल प्रतियोगिता – स्वर्ण पदक (महिला टीम)

लॉन बॉल प्रतियोगिता में भारत की महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 17-10 से हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला टीम के इस इवेंट में भारत की तरफ से लवली चौबे, पिंकी, नयानमोनी साइकिया, रूपा रानी शामिल रहीं।

11. टेबल टेनिस – स्वर्ण पदक (पुरुष टीम)

भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने सिंगापुर को 3-1 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पांचवां स्वर्ण पदक दिला दिया। भारत के जी साथियान, शरत कमल और हरमीत की जोड़ी ने फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया।

12. विकास ठाकुर – रजत पदक (भारोत्तोलन, पुरुष 96 किग्रा वर्ग)

विकास ठाकुर ने भारोत्तोलन के 96 किग्रा वर्ग में कुल 346 किग्रा भार उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। भारोत्तोलन प्रतियोगिता में भारत के लिए यह आठवां पदक है।

13. बैडमिंटन – रजत पदक (मिक्स्ड टीम इवेंट)

बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में भारतीय बैडमिंटन टीम का मुक़ाबला मलेशिया से था। इस मुक़ाबले में टीम मलेशिया के हाथों 3-1 से हार गयी और स्वर्ण पदक जीतने से चूक गयी। भारतीय टीम को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

14. लवप्रीत सिंह – कांस्य पदक (भारोत्तोलन, पुरुष 109 किग्रा वर्ग)

कॉमनवेल्थ गेम्स के छठे दिन भारोत्तोलन के 109 किग्रा भार वर्ग में भारत के लवप्रीत सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। लवप्रीत ने स्नैच में 163 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि क्लीन एंड जर्क में 192 किलोग्राम वजन उठया।

15. तेजस्विन शंकर – कांस्य पदक (हाई जंप, पुरुष)

हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के हाई जंप में 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के लिए पहला पदक जीता है। तेजस्विन 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में छठे स्थान पर रहे थे।

16. गुरदीप सिंह – कांस्य पदक (भारोत्तोलन, पुरुष 109+ किग्रा वर्ग)

भारत के भारोत्तोलक गुरदीप सिंह ने 109+ भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने कुल 390 किग्रा वजन उठाकर यह पदक जीता है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 भारोत्तोलन में यह भारत के लिए 10वां पदक है।

17. तुलिका मान – रजत पदक (जूडो, 78 किग्रा वर्ग)

तुलिका मान को स्कॉटलैंड की सारा एडलिंग्टन ने इपपोन से हरा दिया। जिसके चलते तुलिका जुडो में स्वर्ण पदक जीतने से चूक गयी और उन्हें रजक पदक से ही संतोष करना पड़ा। इपपोन तब होता है, जब खिलाड़ी सामने वाले खिलाड़ी को थ्रो करता है और उसे उठने नहीं देता। इपपोन होने पर एक पूरा अंक दिया जाता है और खिलाड़ी जीत जाता है।

18. सौरव घोषाल – कांस्य पदक (स्क्वैश)

कांस्य पदक के लिए होने वाले मैच में सौरव का मुक़ाबला इंग्लैंड के जेम्स विल्सट्रोप से था। जेम्स विल्सट्रोप ने 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। सौरव ने जेम्स को 3-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

19. मुरली श्रीशंकर – रजत पदक (पुरुष, लॉन्ग जंप)

मुरली श्रीशंकर ने लॉन्ग जंप प्रतियोगिता के फाइनल में 8.08 मीटर का जंप लगाकर रजत पदक हासिल किया। राष्ट्रमंडल खेलों (2022) में यह भारत के लिए 19वां पदक है। ट्रैक एंड फील्ड में यह दूसरा पदक है।

20. सुधीर – स्वर्ण पदक (पुरुष, पैरा पावर लिफ्टिंग, हैवीवेट)

पैरा पावरलिफ्टर सुधीर ने पुरुषों के हेवीवेट कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता। 212 किलो वजन उठाकर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। सुधीर पैरा पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले खिलाडी बन गए। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में यह भारत के लिए छठा स्वर्ण पदक है।

21. बजरंग पुनिया – स्वर्ण पदक (पुरुष, कुश्ती 65 किग्रा वर्ग)

राष्ट्रमंडल खेल 2022 के फ्रीस्टाइल कुश्ती 65 किग्रा वर्ग में भारतीय दिग्गज पहलवान बजरंग पुनिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने कनाडा के लचलान मैकनिल को 9-2 से हराकर यह पदक जीता। इस दिग्गज पहलवान ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था।

22. अंशु मलिक – रजत पदक (महिला, कुश्ती 57 किग्रा वर्ग)

भारतीय महिला पहलवान अंशु मलिक ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता। अंशु का फाइनल मुक़ाबला नाइजीरिया की ओदुनायो फोलासादे अदेकुओरोए से था। जिसमें उन्हें 7-3 से हार का सामना कर रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

23. साक्षी मलिक – स्वर्ण पदक (महिला, कुश्ती 62 किग्रा वर्ग)

फाइनल में साक्षी का सामना कनाडा की एन्ना गोडिनेज से था। गोडिनेज ने शुरुआत में ही 4-0 की बढ़त बना ली थी। परन्तु तीसरे मिनट में साक्षी ने विरोधी पहलवान को चित कर विक्ट्री बाय फाल से मुक़ाबला जीत स्वर्ण पदक हासिल किया।

24. दीपक पुनिया – स्वर्ण पदक (पुरुष, कुश्ती 86 किग्रा वर्ग)

राष्ट्रमंडल खेलों 2022 के पुरुष कुश्ती 86 किग्रा वर्ग फाइनल में भारतीय पहलवान दीपक पुनिया ने पाकिस्तान के इनाम को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दीपक ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। दीपक का कॉमनवैल्थ गेम्स में यह पहला मेडल है।

25. दिव्या काकरान – कांस्य पदक (महिला, कुश्ती 68 किग्रा वर्ग)

दिव्या को क्वार्टरफाइनल में नाईजीरिया की ब्लेसिंग ओबोरूडुडू से तकनीकी श्रेष्ठता (0-11) से हार गयीं थी, जिसके बाद उन्होंने टाइगर लिली कॉकर लेमालियर को महज 30 सेकंड में हराते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

26. मोहित ग्रेवाल – कांस्य पदक (पुरुष, कुश्ती 125 किग्रा वर्ग)

मोहित ने कांस्य पदक के मुकाबले में जमैका के आरोन जॉनसन को 6-0 से हराकर पदक जीता। दोनों ही खिलाड़ियों ने रेपेचेज के तहत कांस्य पदक तक का सफर तय किया।

27. रवि कुमार दहिया – स्वर्ण पदक (पुरुष, कुश्ती 57 किग्रा वर्ग)

रवि कुमार दहिया ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में स्वर्ण पदक जीत लिया। 57 किग्रा भार वर्ग में उन्होंने नाइजीरियाई प्रतिद्वंद्वी एबिकेवेनिमो वेल्सन को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 10-0 से मात दी।

28. विनेश फोगाट – स्वर्ण पदक (महिला, कुश्ती 53 किग्रा वर्ग)

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विनेश का राष्ट्रमंडल खेलों में यह तीसरा स्वर्ण पदक है। उन्होंने फ्रीस्टाइल 53 किग्रा वर्ग में श्रीलंका की चामोडया केशानी को 4-0 से हराया।

29. नवीन मलिक – स्वर्ण पदक (पुरुष, कुश्ती 74 किग्रा वर्ग)

नवीन मलिक ने पाकिस्तानी पहलवान मोहम्मद शरीफ ताहिर को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा किया। 74 किग्रा वर्ग में नवीन ने जीत हासिल की। कुश्ती में भारत का इस साल का यह छठा स्वर्ण पदक है।

30. पूजा सिहाग – कांस्य पदक (महिला, कुश्ती 76 किग्रा वर्ग)

पूजा सिहाग ने महिलाओं की 76 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में ऑस्ट्रेलिया की नाओमी डी ब्रुइन को 11-0 से हराकर कांस्य पदक जीता। पूजा सेमीफाइनल में कनाडा की जस्टिना डि स्टासियो से हार गयी थी।

31. भाविना पटेल – स्वर्ण पदक (महिला, पैरा टेबल टेनिस)

भाविना पटेल ने पैरा टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने नाइजीरिया की इफेचुकुडे क्रिस्टियाना इकपोयी को 3-0 से हराया।

32. अविनाश साबले – रजत पदक (3000 मीटर स्टीपलचेज़)

पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ फ़ाइनल में अविनाश साबले ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए भारत को दिन का दूसरा रजत पदक दिलाया। राष्ट्रमंडल खेलों में स्टीपलचेज में भारत का पहला पदक है।

33. रोहित टोकस – कांस्य पदक (पुरुष, मुक्केबाजी 67 किग्रा वर्ग)

रोहित को सेमीफाइनल मुकाबले में जाम्बिया के स्टीफन जिम्बा से 2-3 के स्प्लिट निर्णय से हारकर उन्हें कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।

34. दीपक नेहरा – कांस्य पदक (पुरुष, कुश्ती 97 किग्रा वर्ग)

भारत के दीपक नेहरा ने 97 किग्रा वर्ग कुश्ती में पाकिस्तान के तैयब रजा को 10-2 से हराकर कांस्य पदक जीता।

35. मोहम्मद हुसामुद्दीन – कांस्य पदक (पुरुष, मुक्केबाजी 57 किग्रा वर्ग)

पुरुषों के 57 किग्रा मुक्केबाजी सेमीफाइनल में मोहम्मद हुसामुद्दीन घाना के जोसेफ कॉमी से हार गए। जोसेफ कॉमी ने मुकाबला 4-1 से जीता जिस कारण हुसामुद्दीन को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

36. पूजा गहलोत – कांस्य पदक (महिला, कुश्ती 50 किग्रा वर्ग)

पूजा गहलोत ने महिला कुश्ती 50 किग्रा फ्रीस्टाइल में स्कॉटलैंड की क्रिस्टेल लेमोफैक लेचिदजियो को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-2 से हराया। इसी के साथ उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया।

37. जैस्मीन लंबोरिया – कांस्य पदक (महिला, मुक्केबाजी 57-60 किग्रा वर्ग)

इंग्लैंड की जेम्मा पैगे रिचर्डसन ने महिलाओं के 57-60 किग्रा मुक्केबाजी सेमीफाइनल में भारत की जैस्मीन लंबोरिया को विभाजित निर्णय से 3-2 से हराया। जैस्मिन को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।

38. लॉन बाउल्स टीम – रजत पदक (पुरुष)

भारतीय पुरुष लॉन बाउल्स टीम ने रजत पदक जीता। वे मेन्स फोर लॉन बाउल्स के फाइनल में उत्तरी आयरलैंड के खिलाफ 5-18 से हार गए।

39. प्रियंका गोस्वामी – रजत पदक (महिला, पैदल चाल 10,000 मीटर)

प्रियंका गोस्वामी ने शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की 10,000 मीटर स्पर्धा में रजत पदक के साथ पैदल चाल में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रच दिया।

तेजस्विन शंकर (ऊंची कूद) और एम श्रीशंकर (लंबी कूद ) के बाद राष्ट्रमंडल खेलों 2022 की एथलेटिक्स स्पर्धा में भारत का तीसरा पदक है।

40. सोनलबेन मनुभाई पटेल – कांस्य पदक (महिला, पैरा टेबल टेनिस)

भारतीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी सोनलबेन मनुभाई पटेल ने राष्ट्रमंडल खेलों में महिला एकल वर्ग में कांस्य पदक जीता। इस खिलाड़ी ने कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में इंग्लैंड की सू बेली को 11-5, 11-2, 11-3 से हराया।

41. नीतू घंघास – स्वर्ण पदक (महिला, मुक्केबाजी 45-48 किग्रा वर्ग)

भारत की नीतू घनघास ने महिलाओं के 45-48 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड की डेमी-जेड रेसिस्टेंस को हराकर स्वर्ण पदक जीता। नीतू पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रही हैं।

42. महिला हॉकी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में न्यूजीलैंड को शूट-आउट में हराकर कांस्य पदक जीता। यह भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए शानदार उपलब्धि है।

43. अमित पंघाल – स्वर्ण पदक (पुरुष, मुक्केबाजी 48-51 किग्रा वर्ग)

भारत के लिए मुक्केबाजी में अमित पंघाल ने स्वर्ण पदक जीता। अमित ने पुरुषों के 48-51 किग्रा वर्ग (फ्लाईवेट) वर्ग में इंग्लैंड के कियारन मैकडोनाल्ड को हराया।

44. एल्धोस पॉल – स्वर्ण पदक (पुरुष, ट्रिपल जंप)

राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की ट्रिपल जंप में एल्धोस पॉल ने 17.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। भारत, एल्धोस के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि है।

45. अब्दुल्ला अबूबकर – रजत पदक (पुरुष, ट्रिपल जंप)

अब्दुल्ला अबूबकर नारंगोलिंटेविद ने 17.02 मीटर ट्रिपल जंप लगाकर रजत पदक जीता। भारत के एल्धोस पॉल और अबूबकर इस प्रतिस्पर्धा में पहले और दूसरे स्थान पर रहे।

46. संदीप कुमार – कांस्य पदक (पुरुष, 10,000 मीटर पैदल चाल)

भारत के संदीप कुमार ने पुरुषों की 10,000 मीटर पैदल चाल में कांस्य पदक जीता। राष्ट्रमडंळ खेल 2022 पैदल चाल में यह भारत का दूसरा पदक है। इससे पहले शनिवार को प्रियंका गोस्वामी ने महिला पैदल चाल फाइनल में ऐतिहासिक रजत पदक जीता था।

47. अन्नू रानी – कांस्य पदक (महिला, भाला फेंक)

भारत की अन्नू रानी ने 60 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ महिला भाला फेंक के फाइनल में भारत के लिए कांस्य पदक जीता।

48. किदांबी श्रीकांत – कांस्य पदक (पुरुष, बैडमिंटन एकल)

भारतीय बैडमिंटन खिलाडी किदांबी श्रीकांत ने रविवार को बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में पुरुष एकल फाइनल में कांस्य पदक जीता। श्रीकांत ने सिंगापुर के जिया हेंग तेह को 21-15, 21-18 से हराकर यह पदक जीता।

49. निखत ज़रीन – स्वर्ण पदक (महिला, मुक्केबाजी 50 किग्रा वर्ग)

भारत की निखत जरीन ने लाइट-फ्लाईवेट फाइनल में उत्तरी आयरलैंड की कार्ली एमसीनौल को सर्वसम्मत निर्णय से हराकर राष्ट्रमंडल खेल में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता।

50. महिला क्रिकेट टीम – रजत पदक

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का फाइनल मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया से था। जिसमे भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

51. स्क्वैश – कांस्य पदक (मिक्स्ड डबल्स)

भारत की दीपिका पल्लीकल और सौरव घोषाल ने ऑस्ट्रेलिया की डोना लोब्बन और कैमरून पिल्ले को 11-8, 11-4 से हराकर कांस्य पदक जीता।

52. टेबल टेनिस – रजत पदक (पुरुष युगल)

भारत के अचंता शरथ कमल और साथियान ज्ञानशेखरन इंग्लैंड के पॉल ड्रिंकहॉल और लियाम पिचफोर्ड से हार गए। इंग्लैंड की इस जोड़ी ने 11-8, 8-11, 3-11, 11-7, 4-11 से यह मैच जीता। भारतीय जोड़ी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

53. बैडमिंटन – कांस्य पदक (महिला युगल)

भारत की त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने ऑस्ट्रेलिया के हुआन-यू वेंडी चेन और ग्रोन्या सोमरविले को 21-15, 21-18 से हराकर कांस्य पदक जीता।

54. टेबल टेनिस – स्वर्ण पदक (मिश्रित युगल)

भारत के शरथ कमल और श्रीजा अकुला ने मलेशिया के जावेन चोंग और करेन लिन को हराकर स्वर्ण पदक जीता।

55. सागर अहलावत – रजत पदक (पुरुष, मुक्केबाजी 92+ किग्रा वर्ग)

सागर अहलावत ने अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय मुक़ाबले में रजत पदक जीता। 92 किलोग्राम भारवर्ग में सागर अहलावत को रजत से संतोष करना पड़ा। उन्हें फाइनल में इंग्लैंड के डेलिशियस ओरी ने 5-0 से हराया।

56. पी. वी सिंधु – स्वर्ण पदक (महिला एकल, बैडमिंटन)

भारत को बैडमिंटन में एक और स्वर्ण पदक मिल गया। पी वी सिंधु ने कनाडा की मिशेल ली को हराकर यह पदक हासिल किया। सिंधु ने दो सीधे सेट में मिशेल को मात दी।

57. लक्ष्य सेन – स्वर्ण पदक (पुरुष एकल, बैडमिंटन)

लक्ष्य सेन ने फाइनल में एनजी त्ज़े योंग को 19-21, 21-9, 21-16 को हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता।

58. साथियान ज्ञानसेकरन – कांस्य पदक (पुरुष, टेबल टेनिस)

टेबल टेनिस खिलाड़ी ज्ञानशेखरन साथियान ने पुरुष एकल स्पर्धा में पॉल ड्रिंकहॉल को 4-3 से हराकर कांस्य पदक जीता।

59. बैडमिंटन – स्वर्ण पदक (पुरुष युगल)

भारत की पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सोमवार को 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में इंग्लैंड के बेन लेन और सीन वेंडी को 21-15 और 21-13 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

60. अचंता शरत कमल – स्वर्ण पदक (पुरुष एकल, टेबल टेनिस)

भारतीय अनुभवी खिलाडी अचंता शरत कमल ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुष एकल टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीता।

61. पुरुष हॉकी टीम – रजत पदक

भारतीय पुरुष हॉकी टीम फाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया से 7-0 से हार गयी और स्वर्ण पदक जीतने से चूक गयी। टीम को रजत पदक से ही संतुष्ट होना पड़ा। राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में भारतीय टीम की यह तीसरी हार है।

आपको यह जानकारी कैसी लगी?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Leave a Comment